हमेशा किसानों के साथ खड़े हैं सरकार, मुख्यमंत्री और विधायक
विधानसभा में गूंजा विधायक अरुण भीमावद का महत्वपूर्ण मुद्दों पर दिया प्रभावी उद्बोधन

नाहर टाइम्स@मंगल नाहर (शाजापुर)शाजापुर। किसानों की समस्या हमारे लिए सर्वोपरि है। मैं सदैव क्षेत्र के किसानों की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाता रहूंगा और उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध भी हूं। मध्य प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव सहित समस्त विधायक हमेशा किसानों के साथ खड़े हैं और हमारा संकल्प है कि सभी मिलकर शाजापुर सहित प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
उक्त प्रभावी उद्बोधन बुधवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के सत्र में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने दिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में अल्प वर्षा से किसानों को हुए नुकसान, नीलगाय व हिरणों से फसल हानि तथा फसल बीमा सर्वे से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदयपूर्वक धन्यवाद व्यक्त किया। विधायक भीमावद के द्वारा विधानसभा में दिया गया उक्त उद्बोधन सोशल मीडिया पर भी असरदार नजर आया। लोगों द्वारा इसे जमकर सराहा जा रहा है।
अल्प वर्षा प्रभावित क्षेत्रों को राहत दिलाने के लिए धन्यवाद
इस दौरान विधायक श्री भीमावद ने विधानसभा में बताया कि शाजापुर जिला, मोहन बड़ोदिया, शाजापुर तहसील एवं बड़ोदिया तहसील में अत्यंत कम वर्षा हुई थी। इस समस्या को उनके द्वारा जब मुख्यमंत्री डॉ यादव के संज्ञान में लाया गया। तब मुख्यमंत्री ने एक छोटे से आग्रह पर त्वरित आदेश जारी करते हुए किसानों को राहत राशि स्वीकृत की, जिससे हजारों कृषक परिवार लाभान्वित हुए। प्रदेश सरकार द्वारा 84 करोड़ रुपये की राहत राशि अल्प वर्षा प्रभावित किसानों को प्रदान की गई जिसके लिए विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
अति-वर्षा और सुखा दोनों परिस्थितियों में भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों के साथ
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में निर्णय ले रही है। इसीके साथ केंद्र सरकार भी फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को राहत दे रही है। उन्होंने सदन में बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 2016 से 2024 तक 31 हजार करोड़ रुपये फसल बीमा के माध्यम से किसानों को दिए गए हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार अति-वर्षा और सुखा दोनों परिस्थितियों में किसानों के साथ है।
भावांतर में रिकॉर्ड बिक्री से बढ़ा किसानों का विश्वास
विधायक श्री भीमावद ने बताया कि प्रदेश में 220 कृषि उपज मंडियां एवं 80 उपमंडियां
भावांतर योजना के तहत खरीदी कर रही हैं। अब तक 4.50 लाख किसानों ने 10 लाख 10 हजार मीट्रिक टन सोयाबीन की बिक्री की है और भावांतर की राशि 10 से 15 दिनों में किसानों के खातों में जमा की जा रही है। यह किसानों के सरकार पर बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।
नीलगाय एवं हिरणों से फसल नुकसान का “बोमा तकनीक” से बड़ा समाधान
विधायक ने सदन में बताया कि शाजापुर जिले में नीलगाय व हिरणों की संख्या के कारण वर्षों से किसानों की फसल को भारी क्षति होती थी। इस भीषण समस्या के समाधान हेतु उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की एजेंसी से संपर्क कर BOMA तकनीक को शाजापुर में लागू करवाया। इससे बड़ी संख्या में नीलगाय एवं हिरणों को सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया गया और लाखों किसानों की फसलों को बचाया गया। विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए भी विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।
फसल बीमा कंपनियों की सर्वे व्यवस्था पर व्यक्त की चिंता
विधानसभा में विधायक ने यह भी कहा कि बीमा कंपनियों द्वारा सर्वे उचित तरीके से नहीं किया जा रहा। इससे किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को न्यायपूर्ण मुआवजा मिल सके।




