आज नगर में गूंजेगा जय-जय श्री आदिनाथ का जयघोष
पालकी यात्रा के साथ दिनभर भव्य रूप से होंगे धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित

नाहर टाइम्स@शाजापुर (मंगल नाहर)। अखिल भारतीय जैन श्वेताम्बर युवक महासंघ के राष्ट्रव्यापी आव्हान पर एवं परम उपकारी आचार्य भगवंत श्रीमद्विजय वीररत्न सुरीश्वरजी महाराजा के सानिध्य में प्रारंभ हुई धर्म परंपरा के अनुपालन में प्रथम तीर्थंकर दादा आदिनाथ परमात्मा का जन्म कल्याणक महोत्सव इस वर्ष भी कल दिनांक 11 मार्च बुधवार को नगर में धूमधाम सहित मनाया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए जैन युवक महासंघ के जिलाध्यक्ष मंगल नाहर ने बताया कि प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी प्रथम जैन तीर्थंकर श्री आदिनाथ परमात्मा का जन्म एवं दीक्षा कल्याणक महोत्सव जैन युवक महासंघ के अंतर्राष्ट्रीय चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड भारत सरकार के चेयरमैन सुनील सिंघी (अहमदाबाद) के मार्गदर्शन में पूरे देश भर में 500 से अधिक युवक महासंघ इकाईयों में सकल जैन समाज के माध्यम से मनाया जाएगा। इसी कड़ी में शाजापुर में भी विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसके अंतर्गत सर्वप्रथम लालघाटी स्थित श्री सिद्धाचल वीरमणि तीर्थ धाम पर सुबह 7:30 बजे जैन मंत्रास परिवार द्वारा प्राचीन मंत्रो के साथ दादा आदिनाथ परमात्मा का शक्रस्थव अभिषेक तथा चौबीस जिनालय धाम ओसवाल सेरी में परमात्मा का पक्षाल एवं शांति स्नात्र पूजा की जाएगी। सुबह 9 बजे 24 जिनालय धाम से परमात्मा की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। जो विभिन्न प्रमुख मार्गो कसेरा बाजार, आजाद चौक, नई सड़क तथा पीपली गली होकर पुन मंदिर पहुंचेगी। इसके पश्चात जैन युवक महासंघ के तत्वावधान में नाग – नागिनी रोड़ स्थित अखंड आश्रम पर निराश्रितजनों को भोजन वितरित किया जाएगा। शाम 7 बजे श्री सिद्धाचल वीरमणि तीर्थ धाम पर आकर्षक दीप सज्जा के साथ नयनाभिराम अंगरचना से श्रृंगारित परमात्मा प्रतिमा की भक्ति व महाआरती की जाएगी। इसके साथ ही उपधान तप करने वाले बाल तपस्वी गुनित दुग्गड़ तथा श्रीशत्रुंजय पालीताणा की सात यात्रा करने वाले युवक महासंघ के जिला कोषाध्यक्ष प्रांजल मांडलिक का बहुमान भी किया जाएगा। समस्त कार्यक्रमों के आयोजनकर्ता जैन युवक महासंघ के बैनरतले सहयोगी श्रीआदेश्वर मूर्ति पूजक संघ, श्री सिद्धाचल वीरमणि तीर्थ धाम ट्रस्ट मंडल, तीर्थ सेवा समिति एवं जैन मंत्रास परिवार रहेंगे।
प्रदेशभर में होंगे आयोजन…
शाजापुर सहित मध्यप्रदेश की 108 से अधिक युवक महासंघ इकाइयों में भी श्री आदिनाथ जन्म कल्याण महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें विशाल रथ यात्रा, भगवान का अभिषेक, स्नात्र पूजन, दादा की महाआरती, जीव दया एवं मानव सेवा के कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम को वृहद स्तर पर मनाने की कार्ययोजना के लिए युवक महासंघ इंटरनेशनल चेयरमैन आदरणीय सुनील सिंघी (अहमदाबाद), राष्ट्रीय अध्यक्ष हरेश भाई शाह (पुना) राष्ट्रीय कन्वीनर गौतम जैन (चेन्नई), राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद बरबोटा (उज्जैन) राष्ट्रीय महामंत्री सुनील गांग (इंदौर) राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निलेश सकलेचा (इंदौर) राष्ट्रीय मंत्री नरेंद्र बाफना (उज्जैन) राष्ट्रीय संगठन मंत्री अजेस कोठारी (उज्जैन) राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय जैन (उज्जैन) तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सपन जैन की सहमति से जिला प्रभारियों का मनोनयन भी किया गया है।



