संघ की शाखा में होता है व्यक्ति का निर्माण – श्री पाटीदार
शताब्दी वर्ष अंतर्गत ग्राम संधारा में निकला आरएसएस का पथ संचलन

नाहर टाइम्स@संधारा। अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का एकमात्र एसा संगठन है। जिसमें एक घंटे की शाखा व्यक्ति निर्माण का कार्य करती है। अपनी सौ वर्षों की यात्रा में निरंतर राष्ट्रहित में समर्पित रहने वाले स्वयंसेवकों की साधना का ही परिणाम है कि संघ आज एक वटवृक्ष का रुप ले चुका है।
उक्त बातें रविवार को ग्राम पंचायत संधारा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मा. जिला संघचालक धर्मेंद्रजी पाटीदार ने स्वयंसेवकों को बौद्धिक देते हुए कही। इस दौरान गांव में संघ का प्रभावी पथ संचलन भी निकाला गया। जिसमें घोषध्वनि पर कदमताल करते हुए स्वयंसेवक शामिल हुए। पथ संचलन के पूर्व आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में श्री पाटीदार ने ग्रामीण स्वयंसेवकों से पर्यावरण संरक्षण, गौ संवर्धन, जैविक खेती, स्वच्छता सहित अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आव्हान भी किया। इस अवसर पर अन्य मंचासीन अतिथियों के रूप में संधारा के प्रसिद्ध कथावाचक ओमप्रकाश कश्यप तथा सहखंड कार्यवाह रोहित जमोदिया भी उपस्थित थे।
गांव में निकला प्रभावी पथ संचलन
पत्रकार प्रतीक बाफना ने बताया कि गौरवशाली संघ का गणवेश धारण करके राष्ट्र वीरों की सेना जब गांव की गलियों से हाथों में दंड लेकर घोष ध्वनि पर कदमताल करते हुए अनुशासन में निकली, तो इन्हें देखने वालों का रोम रोम राष्ट्रभक्ति में सराबौर हो गया। बौद्धिक कार्यक्रम के पश्चात स्थानीय खेड़ापति हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर संचलन गांव के विभिन्न प्रमुख बाजारों धाकड़ मोहल्ला, गांवठिया चौक, माली मोहल्ला, पाटीदार मोहल्ला, खटीक मोहल्ला, बस स्टैंड, घड़ी चौक, गुर्जर मोहल्ला, सदर बाजार होते हुए पुनः खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा के साथ स्वयंसेवकों का आत्मीय स्वागत भी किया गया। बड़ी संख्या में स्वयंसेवकगण सम्मिलित हुए।




