पालकी यात्रा के साथ कल आदिनाथमय होगा शाजापुर
धूमधाम से मनेगा प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याण

नाहर टाइम्स@शाजापुर। सुबह-सवेरे सजी-धजी पालकी में विराजित होकर प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान आदिनाथ कल क्षेत्र के भ्रमण पर धूमधाम से निकलेंगे। इसके साथ ही पूरे दिन विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम नगर में आयोजित किए जाएंगे। जिनकी तैयारियां आयोजन समिति ने पूर्ण कर ली है।
उक्त संबंध में जानकारी देते हुए जैन युवक महासंघ जिलाध्यक्ष मंगल नाहर ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी अखिल भारतीय जैन श्वेताम्बर युवक महासंघ के आव्हान पर देशभर के जैन समाजजनों द्वारा प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव विभिन्न आयोजनों के साथ धूमधाम सहित मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत दिनांक 02 अप्रैल मंगलवार को शाजापुर नगर में भी विशेष आयोजनों के साथ समाजजन महोत्सव मनाएंगे। इस कड़ी में सर्वप्रथम चौबीस जिनालय धाम ओसवाल सेरी मंदिर में सुबह 6:30 बजे परमात्मा की पक्षाल पूजा तथा सुबह ८ बजे – स्नात्र महोत्सव के साथ महोत्सव की धार्मिक शुरुआत होगी। वहीं श्री सिद्धाचल वीरमणि महातीर्थ धाम लालघाटी पर सुबह ७:३० बजे परमात्मा का श्रीशक्रस्तव महाभिषेक महाभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह ९ बजे दादा आदिनाथ की भव्य पालकी यात्रा नगर में निकाली जाएगी। जो चौबीस जिनालय धाम ओसवाल सेरी से प्रारंभ होकर कसेरा बाजार, सुगंधी गली, बजाज खाना, आजाद चौक, नई सड़क तथा पीपली गली होकर पुनः जैन मंदिर पहुंचकर सम्पन्न होगी। जिसमें समाज के युवाओं द्वारा भगवान की प्रतिमा को सुसज्जित पालकी में विराजित कर भ्रमण करवाया जाएगा। इसके उपरांत जैन उपाश्रय में सुबह १० से ११ बजे महिला मंडल द्वारा सामुहिक सामायिक की धार्मिक आराधना सम्पन्न की जाएगी। वहीं युवक महासंघ के पदाधिकारियों द्वारा नागनागिनी मार्ग स्थित अखंड आश्रम पर निराश्रितों को भोजन सेवा दी जाएगी। शाम 5 बजे लालघाटी तीर्थ धाम पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही शाम ७ से ८ बजे तक नयनाभिराम अंगरचना और आकर्षक दीप सज्जा से सुसज्जित वीरमणि तीर्थ धाम पर विराजित परमात्मा प्रतिमाओं के समक्ष रंगारंग प्रभु भक्ति के साथ मूलनायक दादा आदिनाथ की महाआरती की जाएगी। समस्त कार्यक्रम जैन युवक महासंघ के तत्वावधान में शाजापुर जैन समाज द्वारा किए जाएंगे। जिनमें अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील प्रदेश उपाध्यक्ष सपन जैन, जिला कोषाध्यक्ष एवं आयोजन प्रभारी प्रांजल मांडलिक तथा नगर अध्यक्ष व आयोजन सहप्रभारी मयंक जैन सहित समस्त पदाधिकारियों ने समाजजनों से की है।