20 वार्डों में हावी रहा भाजपा का पराक्रम तो 09 वार्डों में कांग्रेस ने भी दिखाया दम
शाजापुर नगर में हुई भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर में भीमावद को मिली मात्र 103 मतों से मामूली बढ़त

नाहर टाइम्स@शाजापुर। विधानसभा चुनाव 2023 के परिणाम मतगणना के साथ रविवार को स्पष्ट हो चुके हैं और इसीके साथ शाजापुर विधानसभा में इस बार कांग्रेस की विदाई के साथ कमल खिल चुका है। कमल को खिलाने, भाजपा को जिताने, और प्रदेश में सरकार बनाने के लिए शाजापुर शहर का कितना योगदान है निर्वाचन विभाग से प्राप्त आंकड़ों में स्थिति स्पष्ट हो गई है। प्राप्त आंकड़ों को यदि देखा जाए तो शाजापुर नगर से भाजपा प्रत्याशी अरुण भीमावद को कुल 19 हजार 881 मत प्राप्त हुए हैं वहीं कांग्रेस प्रत्याशी हुकुमसिंह कराड़ा ने नगर से 19 हजार 778 मत हासिल किए हैं। इस कांटे की टक्कर में भीमावद को शाजापुर से 103 मतों की बढ़त हासिल हुई है।
संपूर्ण मध्य प्रदेश में सर्वाधिक 85% मतदान करने वाले शाजापुर जिले की तीनों विधानसभाओं शाजापुर, शुजालपुर और कालापीपल में इस बार भगवा लहरा चुका है। इनमें पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा चर्चित शाजापुर विधानसभा की सीट रही है। जहां भाजपा प्रत्याशी अरुण भीमावद की सीधी टक्कर पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता हुकुमसिंह कराड़ा से थी। राजनीति के जानकारों द्वारा शुरू से ही शाजापुर सीट पर बेहद रोचक मुकाबले की संभावना व्यक्त की जा रही थी और मतगणना परिणाम ने उसे संभावना को पूरी तरह सटिक साबित करने में कोई कसर भी नहीं छोड़ी। शाजापुर विधानसभा के चुनाव परिणाम में एतिहासिक घटनाक्रम के अंतर्गत भाजपा प्रत्याशी अरुण भीमावद जबरदस्त खींचतान के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कराड़ा से मात्र 28 मतों से विजय घोषित हुए। इस विधानसभा में भाजपा की जीत और कांग्रेस की हार में शाजापुर शहर का क्या योगदान है यह हकीकत मतगणना के बाद निर्वाचन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर स्पष्ट हो रही है। जिसमें नगर के 20 वार्डों में भाजपाई पराक्रम हावी रहा तो शहर के 09 वार्डों में कांग्रेस ने भी जमकर दम दिखाया। जिसके चलते हर बार हजारों मतों से शाजापुर नगर पर बढ़त हासिल करने वाली भाजपा को इस बार कांटे की टक्कर का सामना करते हुए सिर्फ 103 मतों से ही बढ़त हासिल हो सकी। निर्वाचन विभाग से प्राप्त पूरी विधानसभा के साथ शाजापुर नगर के मतदान के यह आंकड़े जितना जीत-हार के अंतर में निर्णायक भूमिका निभाने वाले हैं उतना ही अधिक भाजपा के लिए आगामी समय के लिए विचारणीय होकर चिंतन-मंथन और आत्म अवलोकन पैदा करने वाले भी हैं क्योंकि आंकड़ों की यह स्थिति शाजापुर नगर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल चुनावी सभा होने के बाद रही है यदि मोदी की सभा नहीं होती तो शाजापुर नगर की क्या स्थिति होती, भली-भांति समझी जा सकती है।
यहां भाजपा को मिले सबसे ज्यादा वोट तो इस वार्ड में कांग्रेस रही आगे
निर्वाचन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नगर के 29 वार्डों में से भाजपा को सर्वाधिक मत वार्ड क्रमांक 26 से प्राप्त हुए हैं यहां भाजपा को वार्ड के 4 पोलिंग बूथों से कुल 1 हजार 794 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस को नगर में सर्वाधिक मत वार्ड क्रमांक 7 से प्राप्त हुए जहां वार्ड के तीन पोलिंग बूथों से कांग्रेस को 1 हजार 917 मत हासिल हुए। इसी प्रकार भाजपा को सबसे कम मत वार्ड क्रमांक 6 से प्राप्त हुए जहां वार्ड के 2 पोलिंग बूथों से मात्र 281 मत ही मिल सके वहीं कांग्रेस प्रत्याशी हुकुमसिंह कराड़ा को इस वार्ड से 1 हजार 106 मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार कांग्रेस को संपूर्ण नगर में सर्वाधिक कम मत वार्ड क्रमांक 23 में प्राप्त हुए जहां वार्ड के एकमात्र पोलिंग बूथ से केवल 151 मत ही कांग्रेस हासिल कर सकी वहीं भाजपा को यहां से 395 मत प्राप्त हुए।
विधानसभा चुनाव परिणाम पोलिंग बूथ अनुसार –
स्त्रौतः-जिला निर्वाचन कार्यालय, शाजापुर।
(बूथ क्रमांक) (वार्ड) भाजपा कांग्रेस जीत
151-152 01 997 732 (265)
153-154 02 921 463 (458)
155 -156 03 880 527 (353)
157-158 04 745 529 (216)
159-160
161-162 05 704 1874 (1170)
163-164 06 281 1106 (825)
165-166
167 07 472 1917 (1445)
168-169 08 301 1003 (702)
170-171 09 846 418 (428)
172-173 10 455 1649 (1194)
174 11 614 215 (399)
175-176 12 316 1210 (894)
177-178 13 503 549 (46)
179 14 585 245 (340)
180-181 15 434 820 (386)
182 16 315 309 (06)
183-184 17 442 973 (531)
185 18 618 264 (354)
186 19 421 227 (194)
187-188 20 760 232 (528)
189 21 620 335 (285)
190-191 22 664 431 (233)
192 23 395 151 (244)
193 24 533 202 (331)
194-195 25 1347 525 (822)
196-197
198-199 26 1794 1345 (449)
201-202 27 812 751 ( 61)
202-203 28 1258 439 (819)
204-205 29 848 337 (511)
कुल मत संख्या – 19,881 19778 (103) मत