आमजन से परिवार के सदस्य की तरह मिलते थे कलेक्टर किशोर कन्याल
कलेक्टर के तबादले पर ग्रामीणों का छलका दर्द, कहा यह ठीक नही हुआ

नाहर टाइम्स@शाजापुर। जरूरतमंदों और गरीबों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने वाले कलेक्टर किशोर कन्याल का ड्राईवर के साथ हुई मामुली बात के बाद अचानक से शासन द्वारा तबादला कर दिए जाने से जिलेवासी सदमें में हैं और वे नम आंखे लिए कलेक्टर से मिलने के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं। कलेक्टर के तबादले से आम लोगों में निराशा देखने को मिल रही है, क्योंकि वे कलेक्टर के कार्य से काफी खुश थे। गुरुवार को मक्सी क्षेत्र के दर्जनों महिला और पुरूष कलेक्टर कन्याल से मिलने शाजापुर पहुंचे, हालांकि कलेक्टर से उनकी मुलाकात नही हो सकी तो ग्रामीण रो पड़े।
ग्रामीणों ने बताया कि कलेक्टर कन्याल जनता की समस्याओं एवं परेशानियों का निराकरण जनसुनवाई एवं अन्य मौखिक चर्चा के दौरान तत्काल कर देते थे। ऐसे लोकप्रिय कलेक्टर के स्थानांतरण की खबर से हम दुखी हैं। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसा कलेक्टर भविष्य में शायद ही शाजापुर को मिल पाए। शाजापुर के लिए यह काफी दुखद है और हम दावे के साथ कह सकते हैं कि जिले का जो विकास पिछले 20 वर्षों में नहीं हुआ वह यदि कलेक्टर कन्याल शाजापुर में रहते तो 2 वर्ष में ही हो जाता। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण नगर में स्वछता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जब वे अपनी समस्या लेकर कलेक्टर के पास पहुंचते तो कलेक्टर कन्याल उन्हे परिवार के सदस्यों की तरह ही सम्मान देते। कलेक्टर से मिलने पर ही अधिकांश समस्याएं उनके शालीन व्यवहार के कारण ही हल हो जाती थी, लेकिन शाजापुर का दुर्भाग्य है कि एक अच्छे अधिकारी को कम समय में छोटी सी बात पर भोपाल स्थानांतरित कर दिया गया।
बेसहारा लोगों को कन्याल ने खुद परोसा था खाना
जनहितैषी कार्यशैली के चलते कलेक्टर किशोर कन्याल आमजन के दिलों पर हमेशा से हुकुम करते आए हैं। अमुमन देखने में आता है कि अधिकारी अपने पद के गुरूर में आमजन से बात करने में अहंकार दिखाते हैं, लेकिन कलेक्टर कन्याल बेसहारा और जरूरतमंदों के लिए हमेशा समर्पित रहे हैं जिसकी वजह से उन्हे आमजन बेहद पसंद करते हैं। आपकों बता दें कि फरवरी 2023 में शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल की बेटी की शादी थी। शादी समारोह एक होटल में आयोजित किया गया था जिसमें ग्वालियर नगर निगम में कमिश्नर रहते हुए कन्याल ने सादगी की मिसाल पेश करते हुए बेसहारा लोगों को आमंत्रित किया था और उन्हें खुद खाना खिलाया था। यहां तक कि किशोर कन्याल की बेटी भी खाना परोसते हुए नजर आई थीं। वहीं इस शादी समारोह के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे और सभी ने कन्याल की इस सादगी की तारीफ की थी।