देवी मंदिरों में उमड़ रही आस्था की भीड़
महिलाएं गरबों से कर रहीं मां भवानी की आराधना, सर्व ब्राह्मण समाज का दो दिवसीय गरबा आयोजन आज से

नाहर टाइम्स@शाजापुर। शारदीय नवरात्रि पर्व पर मां आदि शक्ति की आराधना और दर्शन के लिए अल सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों का तांता शहर के देवी मंदिरों में लग रहा है। साथ ही रात के समय पांडालों में युवती और महिलाओं द्वारा गरबा कर मां की पूजा-अर्चना की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शहर में दर्जनों स्थानों पर मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं विराजित की गई हैं और इन पांडालों में सुबह से लेकर शाम तक मां के जयकारे गूंजायमान हो रहे हैं। इसीके साथ शहर के महिला मंडलों सहित अन्य स्थानों पर रात के समय मां भवानी को प्रसन्न करने के लिए गरबा किया जा रहा है। वहीं देवी मंदिरों में चुनरी के रूप में भक्तों द्वारा आस्था चढ़ाकर मंगलकामनाएं किए जाने का दौर भी निरंतर जारी है। इसीके साथ उपवास कर मन्नत के चलते कई भक्त नौ दिनों तक नंगे पैर रहने का संकल्प भी ले चुके हैं। शहर के मां राजराजेश्वरी माता मंदिर, चामुंडा माता मंदिर, बिजासन माता मंदिर, मरी माता मंदिर, लालबाई-फूलबाई माता मंदिर, कालिका मंदिर, दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में विशेष विद्युत साज-सज्जा की गई है। रात के समय मां की आराधना की जा रही है और इसके बाद प्रसादी का वितरण हो रहा है।

देवी मंदिरों में भक्तों का लग रहा तांता
गौरतलब है कि नवरात्रि पर्व के चलते शहर के देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है और प्रतिदिन देवी प्रतिमाओं का आकर्षक श्रंगार कर आराधना की जा रही है। इसीके साथ कन्या भोज और हवन कुंड का आयोजन भी जगह-जगह किया जा रहा है। शहर के महिला मंडल, नागर ब्राह्मण समाज की धर्मशाला, धानमंडी परिसर सहित नगर के कई क्षेत्रों व कालोनियों में गरबा महोत्सव की धूम मची हुई है। इस दौरान पारंपारिक वेशभूषा पहनकर बालिकाएं, युवतियां और महिलाएं मां दुर्गा के समक्ष गरबा कर आराधना करने में लीन दिखाई दे रही हैं।
सर्व ब्राह्मण समाज का दो दिवसीय गरबा आयोजन आज से
शारदीय नवरात्रि का उत्साह हर तरफ छाया हुआ है। नगर में कई जगह गरबा आयोजन हो रहे हैं। इसी कड़ी में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भी दो दिवसीय गरबा आयोजन 6 और 7 अक्टोबर को सोमवारिया बाजार क्षेत्र स्थित एमएलबी स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष दिलीप शर्मा एवं युवा इकाई अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि समाज की मातृ शक्तियां एवं बहनें नवरात्रि में गरबा कर माता की आराधना कर सकें। इसके लिए आयोजन किया जा रहा है। खास बात यह है कि गरबा आयोजन में ब्राह्मण समाज के साथ ही अन्य समाज की मातृ शक्ति एवं बहने भी शामिल हो सकेंगी। आयोजन के लिए समाज द्वारा ब्रह्र आदिशक्ति गरबा मंडल का गठन किया गया है। गरबा आयोजन में सिर्फ भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही परिधान धारण कर सहभागिता की जा सकेगी। गरबा भजन ल लोकगीतों आदि पर ही आधारित होंगे। आयोजन समाज की वरिष्ठ मातृ शक्ति संतोष शर्मा एवं सर्व ब्राह्मण समाज महिला शाखा अध्यक्ष श्रीमती सीमा शर्मा के मार्गदर्शन में होगा।