चांद को देखकर पूरा किया करवा चौथ का व्रत
पति की दीर्घायु को लेकर सुहागिन महिलाओं ने की पूजा-अर्चना

नाहर टाइम्स@शाजापुर। अपने पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनों ने निराहार रहकर करवा चौथ पर करवा माता की पूजा-अर्चना की। रविवार देरशाम आसमान पर चांद के दीदार होने के बाद महिलाओं ने करवा माता की विधि-विधान से पूजन कर पति के हाथ से जल ग्रहण कर व्रत खोला।
उल्लेखनीय है कि करवा चौथ व्रत एवं पूजन में छलनी और करवा का विशेष महत्व है, इसीलिए महिलाओं ने छलनी की ओंट से अपने पति के दर्शन किए और करवा से जल ग्रहण किया। सुहागिनों ने करवा चौथ पर्व पर अपने सुहाग की लम्बी आयु, आरोग्य और सौभाग्य के संकल्प के साथ व्रत रखकर कर पूजा-अर्चना की। रात को चांद के दर्शन होने पर उसे अध्र्य देकर पति के हाथ से जल ग्रहण कर व्रत पूरा किया। वहीं इस दिन बाजार में भी खासी रौनक रही और महिलाओं ने कुंदन जड़े परिधानों की खरीदी के साथ-साथ करवे, छलनी, चूड़ी आदि श्रृंगार का सामान खरीदा। करवा चौथ के मौके पर सौलह श्रृंगार के लिए ब्यूटी पार्लर भी महिलाएं पहुंचीं और यहां से दुल्हन की तरह सजकर अपने घर गईं, जहां शाम के समय करवा माता की पूजा कर चांद के दर्शन के बाद पति के हाथ से पानी पीकर व्रत समाप्त किया।
जमकर हुई करवों की खरीदी
गौरतलब है कि करवा चौथ की पूजा में मिट्टी से बने करवों का विशेष महत्व है, जिसके चलते करवों की खरीदी को लेकर बाजार गुलजार रहे। चौक बाजार, सोमवारिया बाजार में महिलाओं ने रंग-बिरंगी साडिय़ां और लहंगों की खरीदी की। सबसे ज्यादा महिलाओं की भीड़ चूड़ी दुकान और कपड़ों की दुकान पर दिखाई दी। इसीके साथ छलनी और करवे भी महिलाओं के द्वारा जमकर खरीदे गए और सुबह से लेकर शाम तक बाजार में चहल-पहल बनी रही।