भगवान श्री राम पधारे अयोध्या, खुशियों में जलाए दीप
स्कूलों मे धूमधाम से मनाया दीपावली पर्व, खूब जलाए पटाखे

शाजापुर@नाहर टाइम्स। वनवास खत्म कर जैसे ही प्रभु श्री राम अयोध्या पधारे अयोध्यावासियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने खुशियों से पूरी अयोध्या नगरी को सजा दिया। यह नजारा था एबी रोड स्थित कौटिल्य एज्यूकेशन एकेडमी का, जहां धनतेरस के एक दिन पूर्व दीपावली पर्व मनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय संचालक ब्रजेश यादव ने कहा कि भगवान श्री राम ने रावण का वध किया था और वहां से विजय प्राप्त कर जब वे अयोध्या आए थे तब उनके आने की खुशी में दीप से पूरी अयोध्या नगरी को जगमगाया गया था। भगवान राम से जब उनकी माता ने पूछा कि राम आपने रावण का वध कर दिया तो प्रभु ने बड़ी सहजता से कहा कि रावण को मैने नहीं उसे मैं ने मारा। उन्होंने कहा कि कभी घमंड नहीं करना चाहिए, क्योंकि अहंकार करने वालों को भगवान कभी क्षमा नहीं करते। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संचालिका शशि यादव ने कहा कि दीपावली पर्व हमें सीख देता है कि हम अपनी बुरी आदतों को त्यागकर एक नया संकल्प लें और नए जीवन की शुरूआत करें। कार्यक्रम को प्राचार्य नरेंद्रसिंह डोडिया, प्रशसानिक समिति अधिकारी पंकज यादव ने भी संबोधित किया।
नन्हें राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान रहे आकर्षण का केंद्र
इस आयोजन के लिए विद्यालय में नन्हें बच्चों को भगवान श्री राम, लक्ष्मण जी, माता सीता और हनुमान जी बनाए गए थे, जो जैसे ही मंच पर आए सभी ने उनका अभिवादन जय श्री राम के जयकारों से किया। इसके बाद विद्यालय संचालक व संचालिका द्वारा उनका तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद विद्यालय परिसर में आतिशबाजी कर सभी को दीपोत्सव पर्व की शुभकामनाएं दी गई।