संसार में सर्वमंगलकारी है महामंत्र नवकार – साध्वी कीर्तिसुधाजी
नवकार दिवस पर नगर में गूंजा महामंत्र का जाप

नाहर टाइम्स@शाजापुर। संसार के सभी मंत्रों में सर्वोत्तम और जग कल्याणकारी महामंत्र नवकार है। इसके जाप से समस्त पाप-ताप-संताप का क्षय होकर मोक्ष मार्ग की प्राप्ति होती है। आत्मकल्याण के साथ प्राणीमात्र का मंगल करने वाले इस मंत्र के विश्वव्यापी अनुष्ठान से निश्चित रूप से विश्व शांति की कामना सार्थक होगी।
उक्त आशीर्वचन प.पू. जैन साध्वी कीर्ति सुधाश्रीजी म.सा.ने भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के पूर्व दिवस 9 अप्रैल बुधवार को नवकार दिवस पर आयोजित नवकार महामंत्र जाप एवं धर्मसभा में उपस्थितजनों को प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में जैन समाज के “जीतो” संगठन के द्वारा आयोजित नवकार महामंत्र आराधना कार्यक्रम बुधवार को संपूर्ण विश्व में नवकार दिवस के रूप में मनाया गया। इस अनुष्ठान के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी आव्हान किया था। जिसके चलते संपूर्ण विश्व के साथ भारतवर्ष के सभी स्थानों सहित शाजापुर सकल जैन समाज द्वारा भी नवकार महामंत्र की जाप आराधना मालव कीर्ति जिन शासन प्रभाविका, शासन सूर्य उपप्रवर्तनि पूज्य गुरु माता श्रीकीर्ति सुधाश्रीजी म.सा., संगीत प्रेमी पूज्य श्री नूतनप्रभा श्रीजी म.सा., तत्व रसिका पूज्य श्रीआराधना श्रीजी म.सा. वयोवृद्धा पू.श्री भक्ति श्रीजी म.सा. आदि ठाणा 4 की पावन निश्रा में पोरवाल धर्मशाला कसेरा बाजार में रखी गई। जहां जैन समाजजनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर एक समय पर एक साथ नवकार महामंत्र का जाप किया और विश्व कल्याण की कामना की। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से सकल जैन समाज अध्यक्ष सपन जैन, श्वेतांबर जैन समाज अध्यक्ष लोकेन्द्र नारेलिया, दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष शांतिलाल जैन, स्थानकवासी ओसवाल जैन समाज अध्यक्ष लोकेश जैन (बंटी) तथा पोरवाल समाज अध्यक्ष पीयूष जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सकल जैन समाज महामंत्री अजित जैन ने किया।
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव आज
सकल जैन समाज मीडिया प्रभारी मंगल नाहर ने बताया कि अहिंसा परमो धर्म के प्रणेता, विश्व शांति के अग्रदूत जैन समाज के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव सकल जैन समाज द्वारा आज 10 अप्रैल को हर्षोल्लास के साथ नगर में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रातः 6 से 7 बजे तक आराधना स्थलों पर परमात्मा की पूजा-आराधना होगी। सुबह 8 बजे नगर में भव्य चलसमारोह निकाला जाएगा। जो विभिन्न प्रमुख मार्गों ओसवाल सेरी, आजाद चौक, सोमवारिया बाजार, नाग-नागनी रोड़, टाकिज चौराहा तथा नई सड़क होते हुए कसेरा बाजार स्थित पोरवाल धर्मशाला पहुंचकर धर्मसभा के रूप में परिवर्तित होगा। यहां साध्वी मंडल के आशीर्वचन सहित अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दोपहर 3 बजे जेल परिसर स्थित श्रीमहावीर गौशाला में गौ-सेवा की जाएगी। शाम 7 बजे श्री सिद्धाचल वीरमणि महातीर्थ धाम लालघाटी पर प्रभु भक्ति व महाआरती के साथ महोत्सव संपन्न होगा। सकल जैन समाज अध्यक्ष सपन जैन सहित समस्त घटकों के अध्यक्षगणों ने समस्त समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।