सर्राफा बाजार में विशेष सफाई अभियान का नगर पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण
दीपावली पर्व के अंतर्गत सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देश

नाहर टाइम्स@शाजापुर। पांच दिवसीय दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जिसके अंतर्गत नगर पालिका द्वारा शहर में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। शनिवार सुबह सराफा बाजार में नगर पालिका अध्यक्ष ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
शनिवार को सराफा बाजार का अवकाश होने के कारण विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत नालियों व सड़क की विशेष सफाई की गई। इस दौरान सफाई अभियान का निरीक्षण करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन ने आवश्यक निर्देश सफाईकर्मियों को प्रदान किए। नगर पालिका अध्यक्ष श्री जैन ने बताया कि दीपावली पर्व के अंतर्गत नगर पालिका परिषद द्वारा संपूर्ण शहर में सफाई व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत नगर के प्रमुख बाजारों सहित वार्डों की सफाई संबंधी समस्या का समाधान करते हुए नालियों तथा सड़कों की सफाई नगर पालिका कर्मियों द्वारा की जा रही है। इस दौरान सभापति प्रेम यादव, दुष्यंत सोनी सहित पार्षद प्रशांत चौहान उपस्थित थे।



