विश्व को शांति की जरूरत और शांति का आधार है आध्यात्म
जैनाचार्य श्री विश्वरत्न सागरजी की महामांगलिक संपन्न

नाहर टाइम्स@शाजापुर। आज पूरी दुनिया अशांति-विद्रोह और युद्ध के कगार पर खड़ी है। एक से बढ़कर एक नए रोग-बिमारियां पैर पसारती जा रही है। एसी परिस्थिति में विश्वभर के मानव समाज को परम शांति की आवश्यकता है और शांति का सरल मार्ग आध्यात्म से ही संभव है। सर्व कल्याणकारी महामांगलिक एक एसी ही आध्यात्मिक पहल है। जिसमें जनकल्याण के साथ विश्व शांति की कामना की जाती है।
उक्त आशीर्वचन परम पूज्य जैनाचार्य श्रीविश्वरत्न सागरजी म.सा.ने बुधवार को स्थानीय नगर पालिका कार्यालय के समीप स्थित गांधी हाल में आयोजित मंगलमय महामांगलिक में उपस्थित जन समुदाय के समक्ष प्रदान किए। इसके पूर्व जैनाचार्य सहित साधु – साध्वीगण कसेरा बाजार स्थित श्री रत्न – पोरवाल परिसर से चल समारोह के रूप में आयोजन स्थल पहुंचे। यहां कार्यक्रम की अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेंटवाल, विधायक अरुण भीमावद, अनिल जैन कालूहेड़ा, ओमप्रकाश सकलेचा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ रवि पांडे ने गुरुदेव का आशीर्वाद लेकर एवं परमात्मा के समक्ष दीप प्रज्जवलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समस्त अतिथियों का स्वागत आयोजक परिवार के ज्ञानचंद भंसाली, सचिन भंसाली, सकल जैन समाज अध्यक्ष सपन जैन, विनोद जैन, अंतरीक्ष जैन तथा नवरत्न परिवार जिलाध्यक्ष मनीष जैन ने किया। महा मांगलिक के प्रथम वासकक्षेप की बोली श्रीमती शकुंतला, ज्ञानचंद, सपन, सचिन भंसाली परिवार ने ली। कार्यक्रम को सभी अतिथियों द्वारा संबोधित किया गया। तत्पश्चात आचार्यश्री द्वारा विभिन्न मुद्रा में देवीय मंत्रोच्चारण के साथ आदि व्याधि उपाधि नाशक सर्व कल्याणकारी महा मांगलिक का श्रवण उपस्थित भक्तों को कराया गया। इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव द्वारा नवरत्न परिवार के समतुल्य नवरत्न महिला परिवार का गठन करने की घोषणा की। वहीं नवरत्न परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण चौधरी, महासचिव यशवंत सांखला, राष्ट्रीय सलाहकार बोर्ड अध्यक्ष राजेश जैन, उपाध्यक्ष दिलीप जैन, आशीष चोरडिया, लोकेश जैन एवं तुषार जैन द्वारा अतिथि विधायकों को ज्ञापन देकर अपनी विधानसभाओं में एक पक्षी घर बनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगर सहित आसपास के जिलों से गुरु भक्तों ने शामिल होकर महामांगलिक श्रवण का लाभ लिया। कार्यक्रम का संचालन अजीत जैन ने किया।
