शाजापुर जिले में मनी किसानों की अनूठी दिवाली, बरसों की समस्या का हुआ समाधान
ज़मीन पर हिरण पकड़ने के लिए आसमान में उड़ा हैलीकॉप्टर, पहली उड़ान में ही 45 कृष्णमृगों को पकड़ा गया

नाहर टाइम्स@शाजापुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मध्यप्रदेश और विशेषकर पश्चिम मध्य प्रदेश के राजस्व क्षेत्र में कृष्ण मृग एवं रोजड़ों के खेतों को नुकसान पहुंचाने की समस्या के निदान के रूप में दक्षिण अफ्रीका की कंजर्वेशन सॉल्यूशंस की टीम एवं वन विभाग की टीम द्वारा सोमवार को शाजापुर जिले के ग्राम इमलीखेड़ा में हेलीकॉप्टर और बोमा पद्धति से कृष्णमृगों को पकड़ने का अभियान शुरू किया गया।
अधिकृत जानकारी के अनुसार अभियान के पहले दिन ही हेलीकॉप्टर की पहली उड़ान में ही 45 कृष्णमृगों को पकड़ा गया। आज का दिन किसानों के लिए दिवाली के समान है। दक्षिण अफ्रीका की टीम और उनकी तकनीक की मदद से काले हिरणों को हमने पहली बार मध्य प्रदेश में खेतों से पकड़कर जंगलों में ले जाकर छोड़ा जाएगा। इससे किसानों को फसलों के नुकसान में कमी आएगी। इस तरह का ये देश में प्रथम अभियान है। यह अभियान अगले 15 दिवस तक शाजापुर जिले में चलाया जाएगा। आज इस अभियान को विधायक कालापीपल घनश्याम चंद्रवंशी, अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्नवाल, पीसीसीएफ एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक शुभरंजन सेन, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एल कृष्णमूर्ति, मुख्य वन संरक्षक एम आर बघेल, कलेक्टर शाजापुर सुश्री ऋजु बाफना के द्वारा इमलीखेडा ग्राम में पहुंचकर अभियान की शुरुआत की गई और पूरे अभियान के दौरान इमलीखेड़ा में रहकर पर्यवेक्षण किया।




