पायोनियर पब्लिक स्कूल द्वारा किया गया जल मंदिर का शुभारंभ
भगवान महावीर जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में जल सेवा प्रारंभ

नाहर टाइम्स@शाजापुर। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पायोनियर पब्लिक स्कूल द्वारा बेरछा रोड़ पर जल सेवा स्वरूप सार्वजनिक जल मंदिर का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। इस दौरान बतौर अतिथि जिला वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) मयंक चांदीवाल, पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील नाहर, सकल जैन समाज अध्यक्ष सपन जैन तथा विद्यालय संचालक मंगल नाहर द्वारा फीता काटकर एवं जल पात्रों की पूजा-अर्चना करते हुए जल मंदिर का शुभारंभ किया गया।

उक्त संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय प्रमुख विमल जैन ने बताया कि दिनांक 21 अप्रेल को जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में ग्रीष्म ऋतु के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जल सेवा स्वरूप विद्यालय परिसर के बाहर शाजापुर-बैरछा मुख्य मार्ग पर जल मंदिर (प्याऊ) प्रारंभ किया गया है। जिससे मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीरों को शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके। श्री जैन ने बताया कि विद्यालय परिवार द्वारा जलसेवा का यह प्रकल्प साल 2010 से प्रारंभ किया गया था। तब से लेकर विगत 14 वर्षों से यह सेवा कार्य अनवरत संचालित हो रहा है। शुक्रवार को जल मंदिर के शुभारंभ पर मुख्य रूप से स्कूल प्रभारी श्रीमती अंजू शुक्ला, सचिन राठौर, जयप्रकाश सोलिया, निलेश जोशी, विशाल पडियार, श्रीमती सारिका भावसार, श्रीमती विद्या सोनी एवं आंचल शुक्ला सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक/शिक्षिकाएं व कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहा।
