हम सब एक हैं का संदेश देती है तिरंगा यात्रा – श्री भीमावद
भाजपा ग्रामीण मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित

नाहर टाइम्स@शाजापुर। तिरंगा यात्रा ना केवल हमारे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि “हम सब एक हैं, और राष्ट्रहित सभी के लिए सर्वोपरि है।” इसलिए अधिक से अधिक संख्या में अपने क्षेत्र से निकलने वाली तिरंगा यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाएं और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं।
उक्त बातें क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावद ने भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल शाजापुर द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कही। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हरिओम गोठी के नेतृत्व में मंगलवार को आयोजित राष्ट्र प्रेम और एकता की प्रतीक तिरंगा यात्रा का शाजापुर मंडल के प्रमुख ग्रामों में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के लोकप्रिय एवं यशस्वी विधायक अरुण भीमावद तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। गगनभेदी नारों और देशभक्ति गीतों के बीच, तिरंगे की शान के साथ समीपस्थ ग्राम बरवाल से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा मंडल अंतर्गत प्रमुख ग्रामों टुकराना, चौंसला निकुंज, छतगांव, कुकड़ी, कुकडे़श्वर होते हुए ग्राम सुनेरा पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओ, युवा साथियों, मातृशक्ति और वरिष्ठजनों ने भी तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय पर्व का मान बढ़ाया।




