महिलाओं ने विशेष श्रृंगार कर मनाया रूप चौदस
घरों पर लगाई दीपमाला
शाजापुर@नाहर टाइम्स। दीपावली पर्व पर आज रविवार को महालक्ष्मी की महापूजा के साथ घरों पर दीपमाला लगाई जाएगी। धन तेरस से भाई दूज तक विभिन्न मान्यता के अनुसार पर्व को उल्लास के साथ मनाए जाने का दौर जारी है और इसी कड़ी में रूप चौदस पर महिलाओं ने परम्परागत तरीके से विशेष उबटन लगा कर स्नान किया। वहीं अनेक महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर जाकर सोलह श्रंगार करना पसंद किया जिसकी वजह से पार्लरों भीड़ लगी रही।
ब्यूटी पार्लर संचालक पिंकी सोलंकी ने बताया कि दीपावली के एक दिन पूर्व रूप चौदस का पर्व मनाने जाने का रिवाज है और इसीके चलते शनिवार को ब्यूटी पार्लर पर महिलाओं को श्रंगारित किया गया। इसीके साथ कपड़ा बाजार, चूड़ी बाजार और श्रंगार की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ दिखाई दी। साथ ही महालक्ष्मी पूजन की तैयारी को लेकर भी लोगों ने जमकर खरीददारी की। पूजन सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर रौनक बनी रही। एक दिन पूर्व लोगों ने जहां घर की आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी की तो वहीं रूप चौदस पर लोगों ने घर को सजाने और पूजन की सामग्री की खरीदी में दिन गुजारा। ग्राहकों की भीड़ देर रात तक बनी रही।
महालक्ष्मी की महापूजा आज
गौरतलब है कि हिन्दू मान्यताओं और परम्पराओंं से जुड़े त्यौहारों में सबसे बड़ा पर्व दीपावली का ही माना जाता है। आज रविवार को दीपावली पर्व के मौके पर तालाब किनारे स्थित गजलक्ष्मी मंदिर पर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। वहीं महिलाओं द्वारा मिट्टी से बनी मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं की भी पूजा की जाएगी। मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए अल सुबह से महिलाओं और युवतियों द्वारा सतरंगी रंगों की रंगोली से घरों की दहलीज को सजाया जाएगा। इसीके साथ विशेष मुहूर्त में मां की पूजा कर सुख, समृद्धि और वैभव की कामना की जाएगी।